जयपुर , मई 06 -- राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता केवल भाजपा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राष्ट्रभक्त नागरिकों के लिए खुशी का विषय है।
श्री राठौड़ ने बुधवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वहां ममता बनर्जी ने घुसपैठ और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया, जिसके कारण आम नागरिकों, विशेषकर हिंदू समाज को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पश्चिम बंगाल का चुनाव राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित था। वहां हिंदुओं पर अत्याचार किए गए, भाजपा का झंडा लगाने वाले का घर जला दिया जाता था, मारपीट की जाती थी, झूठे मुकदमे दर्ज करा दिए जाते थे, महिलाओं पर अत्याचार पश्चिम बंगाल में आम बात थी।
उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, ममता बनर्जी ने तो एक बार यहां तक बोल दिया था कि वह राज्य की सीमा खोल देगी। इससे ज्यादा अराष्ट्रीय गतिविधियां क्या होगी। श्री राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पश्चिम बंगाल में चुनावी "स्ट्राइक रेट" शत-प्रतिशत रहा है जहां जहां उन्होंने प्रचार किया, वहां भाजपा ने बड़े अंतर से जीत हासिल की।
उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मेहनत, निष्ठा और जनता से जुड़ाव का ही परिणाम है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के प्रचार के बावजूद पार्टी को कई राज्यों में हार का सामना करना पड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित