कोलकाता , मई 21 -- पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले की चर्चित फाल्टा विधानसभा सीट पर गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और नौ बजे तक 20 प्रतिशत मतदान होने की रिपोर्टें हैं। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण 29 अप्रैल में अभूतपूर्व हिंसा और कथित धांधली के चलते इस विधानसभा सीट पर चुनाव रद्द कराना पड़ा था।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और अब तक अधिकांश स्थानों पर शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता शाम छह बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। पिछले मतदान के दौरान बूथ कब्जाने, इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों (ईवीएम) से छेड़छाड़ तथा व्यापक अनियमितताओं के आरोपों के बाद निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने के लिए हाल के वर्षों की सबसे कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू की है। इस निर्वाचन क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। पूरी चुनाव प्रक्रिया की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 35 कंपनियां तैनात की गई हैं, जो पिछले मतदान दिवस की तुलना में कहीं अधिक है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय बल की कम से कम एक टुकड़ी तैनात की गई है।

निगरानी की अतिरिक्त व्यवस्था के तहत सभी मतदान केंद्रों पर पूरे दिन सीधा वेब प्रसारण किया जा रहा है। नयी दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग तथा कोलकाता स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी प्रत्येक मतदान केंद्र के भीतर और बाहर की गतिविधियों पर वास्तविक समय में नजर रख रहे हैं।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान प्राप्त शिकायतों के बाद पूरे निर्वाचन क्षेत्र का मतदान रद्द करने का अभूतपूर्व निर्णय लिया था। विपक्षी दलों ने बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली, बूथ कब्जाने और ईवीएम मशीनों पर चिपकाने वाले पदार्थ तथा स्याही लगाकर उन्हें क्षतिग्रस्त करने के प्रयासों के आरोप लगाए थे।

स्थिति की समीक्षा के बाद आयोग ने पूरे निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया था। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि तीव्र राजनीतिक तनाव के कारण फाल्टा सीट दक्षिण 24 परगना की सबसे चर्चित सीटों में से एक बन गई है। पिछले मतदान को लेकर हुई आलोचना और विवाद को देखते हुए प्रशासन ने इस बार किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई है। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर कतारों में खड़े दिखाई दिए।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह नौ बजे तक इस सीट पर 20.47 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट पर 18-19 साल की उम्र के 4,343 पहली बार वोट देने वाले वोटर और 2,109 दिव्यांग लोग भी पंजीकृत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित