कोलकाता , मई 23 -- पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नयी सरकार ने बकरीद पर एक दिन की छुट्टी की घोषणा की है।

उल्लेखनीय है कि 15 सालों से पिछली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार ईद मनाने के लिए दो दिनों की छुट्टियां दे रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस साल की शुरुआत में त्योहार के लिए 26 और 27 मई को छुट्टियों की घोषणा की थी लेकिन शनिवार को नबन्ना से जारी एक नयी अधिसूचना में नये प्रशासन ने इसमें बदलाव किया और बकरीद के लिए 28 मई गुरुवार को केवल एक दिन की छुट्टी घोषित की। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह बदलाव बकरीद मनाने के लिए अपनाए जाने वाले असली चंद्र कैलेंडर के अनुसार किया गया है क्योंकि त्योहार की तारीख चांद दिखने पर निर्भर करती है। अधिकारियों ने कहा कि बदली हुई अधिसूचना नवीनतम धार्मिक कैलेंडर को दर्शाती है।

सुश्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल ने देश में सबसे अधिक सरकारी छुट्टियां देने के लिए नाम कमाया था। दुर्गा पूजा और दूसरे त्योहारों के दौरान लंबी छुट्टियों की वजह से अक्सर सरकारी कार्यालय लंबे समय तक बंद रहते थे, जिससे प्रशासनिक और कानूनी सेवा लेने वाले लोगों को परेशानी होती थी। सत्ता में नहीं रहने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री ने आने वाले दुर्गा पूजा मौसम के लिए लगातार 13 दिनों की छुट्टियों की घोषणा की थी। पूजा और छठ उत्सव के लिए भी अतिरिक्त छुट्टियां दी थीं।

भैया दूज के अगले दिन को भी छुट्टियों की सूची में शामिल किया गया था। ईद की छुट्टियों में कमी के बाद सरकारी हलकों में इस बात को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या नया प्रशासन दुर्गा पूजा की लंबी छुट्टियों में भी कटौती कर सकता है। नौकरशाहों और नीति निर्माण पर नजर रखने वालों का एक समूह यह तर्क दे रहा है कि अगर सरकार कार्य संस्कृति, पेशेवराना रवैये को वापस लाने और राज्य में नया निवेश लाने को लेकर गंभीर है, तो सरकारी कार्यालयों में लंबी छुट्टियों को कम करना जरूरी हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित