जोधपुर , मई 08 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम को आमजन के विश्वास, भारत की सोच, सभ्यता और सांस्कृतिक मूल्यों के विजय का प्रतीक बताते हुए शुक्रवार को कहा कि बंगाल की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अब विकसित भारत की दिशा में विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सोच के साथ आगे बढ़ना चाहती है।

श्री शेखावत ने जोधपुर हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में बंगाल चुनाव परिणाम को लेकर कहा कि वर्ष 2011 से लेकर 2021 तक बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बेहद कठिन परिस्थितियों में काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया और गुंडों के माध्यम से चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश हुई।

उन्होंने कहा कि बंगाल में सुनियोजित तरीके से डेमोग्राफिक बदलाव कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया गया और चुनाव जीतने के लिए षड़यंत्र रचे गए लेकिन इस बार बंगाल की जनता ने उन सभी प्रयासों को नकारते हुए लोकतंत्र और राष्ट्रहित के पक्ष में अपना जनादेश दिया है।

श्री शेखावत ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और गृह मंत्री अमित शाह के संगठनात्मक प्रयासों पर भरोसा जताया है। यह परिणाम इस बात का संकेत है कि बंगाल की जनता अब विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सोच के साथ आगे बढ़ने में बिल्कुल भी पीछे नहीं रहेगी, क्योंकि बंगाल की सांस्कृतिक धरती हमेशा से भारत की आत्मा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित