चेन्नई , अक्टूबर 25 -- बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत होकर सोमवार सुबह चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके बाद मंगलवार को इसके भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने और बुधवार सुबह तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है।

इस बीच, तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश जारी है। चेन्नई और आसपास के जिलों में भी शनिवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार सुबह जारी राष्ट्रीय बुलेटिन में इस संबंध में ऑरेंज अलर्ट संदेश जारी किया। बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना दबाव का क्षेत्र पिछले छह घंटों के दौरान पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ा। रविवार सुबह 5.30 बजे यह इसी क्षेत्र में केंद्रित था। यह अंडमान द्वीपसमूह के श्री विजयपुरम से लगभग 440 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से 880 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, काकीनाडा से 980 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, मछलीपट्टनम से 1,080 किलोमीटर पूर्व में और बापटला से 1,150 किलोमीटर पूर्व में स्थित था।

इसके आज लगभग दक्षिण की ओर बढ़ने, गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने और फिर धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़ने का अनुमान है। यह गतिविधि बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में होने का अनुमान है।

इसके बाद पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए यह सोमवार सुबह तक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में 'अर्नब' नामक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मंगलवार सुबह तक इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवाती तूफान बनने के आसार हैं।

इसके बाद तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और और अधिक शक्तिशाली होकर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है। इसके बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश के तट के निकट पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचने के आसार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित