नयी दिल्ली , अक्टूबर 23 -- बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब गहराने लगा है और इसके शनिवार को अवदाब और 26 अक्टूबर की सुबह तक एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की पूरी संभावना है जिसके बाद यह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तटों की ओर बढ़ सकता है।

मौसम विभाग की शुक्रवार की शाम को जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी। इसमें बताया गया है कि थाईलैंड की खाड़ी के पास 18 अक्टूबर को बने ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण ने आगे बढ़ते हुए 21 अक्टूबर को उत्तर अंडमान सागर और 22 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी का रुख किया था। इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर की तड़के पूर्व-मध्य और संलग्न दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया, जो उसी क्षेत्र में बना हुआ है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यह अब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और 25 अक्टूबर तक गहरे अवदाब तथा 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। इसके बाद इसके और अधिक तीव्र होकर अगले दो दिनों के दौरान उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा तटों की ओर बढ़ने की संभावना है।

इसके असर से अंडमान द्वीप समूह में 23 से 27 अक्टूबर के दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। जबकि ओडिशा में 26 अक्टूबर को तटीय ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश; 27 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश; 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा अलग-अलग हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

आंध्र प्रदेश में 27 और 28 अक्टूबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश की पूरी संभावना है और गंगातटीय पश्चिम बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को तटीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 29 अक्टूबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और छिटपुट भारी बारिश की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित