भुवनेश्वर , सितंबर 22 -- मौसम विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने दबाव के क्षेत्र के और अधिक तीव्र होकर गहरे दबाव में बदलने की आशंका को देखते हुए ओडिशा के 11 जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह मौसमी तंत्र 24 सितंबर की सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट को पार कर सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले छह घंटों के दौरान यह प्रणाली 18 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ी है और मंगलवार सुबह 8:30 बजे यह गोपालपुर से लगभग 200 किमी दक्षिण-पूर्व तथा पुरी से 210 किमी दक्षिण में पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित थी। अगले 12 घंटों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और एक गहरे दबाव में तब्दील होने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग ने रायगढ़, कोरापुट, गजपति और गंजम जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में बिजली चमकने, गरज के साथ छींटे पड़ने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा, कालाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, मलकानगिरी, पूरी, खोर्धा और नयागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित