भुवनेश्वर , अक्टूबर 01 -- पर्यावरण एवं जलवायु केंद्र (सीईसी) ने बुधवार को कहा कि सुबह दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के पास बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है और यह उत्तर दिशा में बढ़ रहा है।

सीईसी के निदेशक डॉ. एस सी साहू ने कहा कि यह प्रणाली बहुत तीव्र हो रही है और आज शाम या रात तक यह दबाव क्षेत्र में बदल सकती है।

उन्होंने कहा कि यह अपना मार्ग थोड़ा बदल सकती है और उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। यह गुरुवार दोपहर गंजम और पुरी जिलों के बीच चिल्का झील के पास ओडिशा तट को पार कर सकता है तथा शुक्रवार तक ओडिशा से छत्तीसगढ़ और झारखंड की ओर बढ़ सकता है।

इसके प्रभाव से ओडिशा के तटीय, पश्चिमी और पूर्वोत्तर जिलों में अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।

प्रभावित होने वाले जिलों में पुरी, गंजाम, जगत सिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, जाजपुर, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकनाल, अंगुल, देवगढ़, संबलपुर, सुंदरगढ़, बौध, सोनेपुर, कंधमाल, बलांगीर और बारगढ़ आदि शामिल हैं।

डॉ. साहू ने कहा कि शुक्रवार दोपहर से बारिश में कमी आने लगेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित