कोलकाता , अप्रैल 01 -- बंगाली टेलीविजन अभिनेता राहुल अनुदोय बनर्जी की शूटिंग के दौरान हुई मौतने विवाद खड़ा कर दिया है और घटना की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो गये हैं।

धारावाहिक 'भोले बाबा पार करेगा' का हिस्सा रहे श्री बनर्जी कथित तौर पर तटीय क्षेत्र तालसारी में शूटिंग के दौरान एक दुर्घटना का शिकार हो गये। उनकी मौत से पहले की घटनाओं को लेकर संदेह पैदा हो गया है, क्योंकि यूनिट सदस्यों के बयानों और पुलिस के पास उपलब्ध फुटेज में कथित विसंगतियां सामने आयी हैं। इन विरोधाभासों ने मामले को और पेचीदा बना दिया है और निष्पक्ष तथा पारदर्शी जांच की मांग तेज हो गयी है।मामले में अब प्रोडक्शन हाउस मैजिक मोमेन्ट्स मोशन पिक्चर्स पर भी सवाल उठने लगे हैं, जिस पर जन और मीडिया का दबाव बढ़ता जा रहा है। कंपनी ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की।

बयान में कंपनी ने प्रसिद्ध लेखिका और क्रिएटिव हेड लीना गंगोपाध्याय की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई दी। कंपनी ने कहा कि सुश्री गंगोपाध्याय वर्ष 2010 से लेखक और क्रिएटिव हेड के रूप में जुड़ी हैं और 2011 में बोर्ड का हिस्सा बनीं, लेकिन वह न तो प्रमोटर हैं और न ही संचालन संबंधी कार्यों में शामिल हैं।

कंपनी के अनुसार, उनकी भूमिका हमेशा रचनात्मक कार्यों तक सीमित रही है और उद्योग में यह तथ्य सर्वविदित है। बयान में यह भी कहा गया कि हाल तक उन्हें मुख्य रूप से लेखक के रूप में श्रेय दिया जाताथा और बाद में ही उन्हें सीमित हिस्सेदारी तथा सह-निर्माता का दर्जा मिला।

कंपनी ने कहा कि उसकी संरचना और पूंजी विवरण की समीक्षा से यह स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पश्चिम बंगाल महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में गंगोपाध्याय की भूमिका को लेकर उठे सवालों पर कंपनी ने स्वीकारकिया कि सार्वजनिक धारणा इसी कारण बनी हो सकती है।

बयान में कहा गया कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सुश्री गंगोपाध्याय ने अपने पद से हटने की इच्छा जताई है, ताकि मामले की जांच पर किसी प्रकार का प्रभाव या पक्षपात का आरोप न लगे। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित