बोलपुर , अक्टूबर 04 -- पश्चिम बंगाल में बीरभूम जिला पुलिस ने भाजपा के बोलपुर बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला की हत्या के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को संदेह है कि इस हत्या के पीछे की वजह जमीन विवाद है।
बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज भुंदेश ने दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र से अमिरुल शेख की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उसे जिले के एक ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले पुलिस ने बोलपुर से शेख अनारुल और दीपांकर रॉय उर्फ टेनू को गिरफ्तार किया था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार किये गये तीनों व्यक्तियों पर 27 सितंबर को बोलपुर के तुसरापट्टी इलाके में हुई इस हत्या की साजिश में शामिल होने का संदेह है। घटना को अंजाम देने वाले पेशेवर निशानेबाज अब भी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक भुंदेश ने कहा, "प्रथम दृष्टया जांच से स्पष्ट रूप से जमीन विवाद का संकेत मिलता है। हमने तीन मुख्य साजिशकर्ताओं को पकड़ा है और छापेमारी के दौरान जिंदा कारतूस जब्त किये हैं। घटना को अंजाम देने में शामिल भाड़े के शूटर अब भी फरार हैं।" उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाकी संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कदम उठायेगी।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है और बैलिस्टिक एवं अन्य साक्ष्य एकत्र किये हैं। विशेष जांच टीम (एसआईटी) और राज्य सीआईडी (अपराध जांच विभाग) भी इस जांच में शामिल हो गये हैं। पुलिस जब्त हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है और फरार संदिग्धों का सुराग लगाने के लिए मोबाइल फोन डाटा एवं अन्य सुरागों का विश्लेषण कर रही है। इस हत्या के बाद इलाके में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
दुबराजपुर से भाजपा विधायक ध्रुव साहा और सैंथिया के विधायक ने श्री भल्ला के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
जिला कांग्रेस ने भी श्री भल्ला की मृत्यु के बाद उनके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। बोलपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है तथा जांच जारी रहने तक पुलिस नाकों को अलर्ट पर रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर की शाम को बूथ 201 के भाजपा अध्यक्ष और स्थानीय भूमि रजिस्ट्री कार्यालय में क्लर्क के रूप में कार्यरत श्री भल्ला पर मोतीपुकुर राइस मिल क्षेत्र के पास घात लगाकर हमला किया गया था। मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने श्री भल्ला के सिर में बहुत करीब से गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित