कोलकाता , जून 20 -- पश्चिम बंगाल में कोलकाता के पास फाल्टा थाने पर कथित हमले और पूर्व विधायक जहांगीर खान को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की साजिश के मामले में उसकी पत्नी रेजिना बीबी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कई दिन से रेजिना की तलाश में थी।
पुलिस के अनुसार, रेजिना पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने, थाने के घेराव की योजना बनाने और जहांगीर की रिहाई के लिए कथित तौर पर थाने पर हमले की साजिश रचने का आरोप है। उनके खिलाफ शस्त्र एवं विस्फोटक अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले रेजिना की अगुवाई में बैठक हुई थी, जिसमें समर्थकों को फाल्टा थाने से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक स्थान पर एकत्र कर संगठित तरीके से थाने की ओर बढ़ने और जहांगीर को छुड़ाने की योजना बनायी गयी थी।
जहांगीर को विभिन्न मामलों में लंबे समय से तलाशा जा रहा था। बाद में उसे नेपाल सीमा के निकट से गिरफ्तार किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद रेजिना के नेतृत्व में पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन और थाने के घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
पुलिस इस मामले में अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। रेजिना इस मामले में गिरफ्तार की गयी नवीनतम आरोपी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित