कोलकाता , सितंबर 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए व्यापक चुनाव प्रचार योजना तैयार की है। इसके तहत उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए करीब 40 नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
इस सूची में राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती के अलावा राज्य एवं केंद्र के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की जारी स्टार प्रचारकों की सूची में श्री दिलीप घोष, श्री सुकांत मजूमदार, श्री राहुल सिन्हा, श्री शांतनु ठाकुर, सुश्री लॉकेट चटर्जी, सुश्री अग्निमित्रा पॉल, श्री निशीथ प्रमाणिक, श्री अशोक डिंडा और श्री सौमेंदु अधिकारी सहित कई अन्य नाम शामिल हैं। इस प्रचार टीम में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के पदाधिकारियों के साथ-साथ सांसदों, विधायकों और प्रमुख चेहरों को जगह दी गयी है।
भाजपा ने नंदीग्राम से श्रीमती हसीरानी रथ और रेजीनगर से श्री सखारोव सरकार को अपना प्रत्याशी बनाया है। श्रीमती रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और पूर्व निजी सहायक रहे दिवंगत चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जिनकी मई में हत्या कर दी गयी थी। वहीं श्री सरकार मुर्शिदाबाद जिले के पूर्व भाजपा अध्यक्ष हैं।
इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में छह अक्टूबर को मतदान होगा और नौ अक्टूबर को मतगणना की जायेगी। नंदीग्राम सीट श्री अधिकारी के इस्तीफे से रिक्त हुई थी, जबकि रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे से खाली हुई है।
वरिष्ठ नेताओं की इतनी बड़ी फौज उतारने का भाजपा का यह फैसला दिखाता है कि पार्टी इन दोनों उपचुनावों को कितना महत्व दे रही है। 2026 के विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत हासिल कर राज्य में सरकार बनाने वाली भाजपा अब इस उपचुनाव में भी अपनी चुनावी बढ़त और दबदबे को बरकरार रखना चाहती है।
जीत सुनिश्चित करने के साथ ही भाजपा नेतृत्व दोनों क्षेत्रों में अपनी संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने और मत प्रतिशत बढ़ाने के लक्ष्य के साथ काम कर रहा है। यही वजह है कि प्रचार अभियान में राज्य के दिग्गज नेताओं के साथ-साथ कई राष्ट्रीय चेहरे भी पसीना बहाते नजर आयेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित