कोलकाता , मई 29 -- कोलकाता और दक्षिणी पश्चिम बंगाल के कई जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश एवं तेज हवाओं के साथ आये भीषण तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा उड़ानों, मेट्रो और ट्रेन सेवाओं को प्रभावित किया और कई पेड़ उखाड़ दिये।

तूफान के दौरान प्रिंसेप घाट-बाबूघाट इलाके में एक आम के पेड़ के नीचे आम इकट्ठा करने गये एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। पेड़ की एक बड़ी शाखा टूटकर उस पर गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। खबरों के अनुसार, टूटी हुई शाखा बिजली की तारों पर गिर गई, जिससे इलाके में आग लग गई। पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोलकाता और आसपास के इलाकों में सुबह से ही उमस के बीच काले बादल छाए हुये थे। दोपहर ढलने के साथ ही आसमान में असामान्य रूप से अंधेरा छा गया और साल्ट लेक, एस्प्लेनेड, दमदम, जादवपुर और बारानगर सहित शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश होने लगी। तेज हवाओं ने एक घंटे से अधिक समय तक महानगर को झकझोर कर रख दिया, जिससे कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं और यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ।

अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तूफान की तीव्रता दोपहर 2.45 बजे से 2.47 बजे के बीच अपने चरम पर थी, जब अलीपुर में हवा की गति 88 किमी प्रति घंटे को छू गई। दमदम में दोपहर 2.29 बजे से 2.30 बजे के बीच हवा की गति 74 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।

अधिकारियों ने कहा कि अनुकूल हवा के रुख के कारण अगले दो दिनों में दक्षिण बंगाल में तूफान की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कोलकाता के बाहर के जिलों से भी आम इकट्ठा करने के दौरान मौत होने की दुखद खबरें सामने आई हैं। इस तूफान ने शहर के कुछ हिस्सों की रफ्तार थाम दी। उखड़े हुये पेड़ों और जलभराव के कारण कई प्रमुख सड़कों पर यातायात काफी धीमा हो गया, जबकि मेट्रो सेवायें अस्थायी रूप से बाधित रहीं। दक्षिण कोलकाता के खुदीराम मेट्रो स्टेशन की छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बारिश का पानी स्टेशन परिसर के भीतर चला गया।

रासबिहारी एवेन्यू, हरीश मुखर्जी रोड, एजेसी बोस रोड, पार्क स्ट्रीट, रिपन स्ट्रीट, टॉलीगंज और नेताजी नगर सहित कई सड़कों पर पेड़ और टूटी हुई शाखाएं गिरी दिखाई दीं। चांदनी चौक और ठनठनिया सहित मध्य व उत्तर कोलकाता के कुछ इलाकों में सड़कें घंटों जलमग्न रहीं। साउथ सिटी मॉल में परिसर के अंदर बारिश का पानी घुसने से कांच के पैनल कथित तौर पर टूट गये।

शहर के हवाई अड्डे पर खराब दृश्यता और तेज हवाओं के कारण उड़ानों का संचालन करीब एक घंटे तक निलंबित रहा। कई उपनगरीय मार्गों पर ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुयीं। बनगांव खंड में मध्यमग्राम स्टेशन के पास पटरियों पर एक पेड़ गिरने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुयी। बंदेल-कटवा शाखा पर दोपहर करीब 2.45 बजे कटवा रेल गेट के पास एक पेड़ गिरने से सेवाएं बाधित हो गयीं, जिससे एक अप कटवा लोकल ट्रेन को बंदेल स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही समय बाद रुकना पड़ा।

रेलवे कर्मचारियों ने बाद में इस बाधा को दूर किया और करीब 45 मिनट के बाद सेवाएं फिर से शुरू हो सकीं। हावड़ा, हुगली, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पूर्व बर्धमान जिलों में भी भारी बारिश और तूफान आया। मौसम कार्यालय ने दक्षिण बंगाल के छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें मध्यम बारिश के साथ 60-70 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं और तूफान की चेतावनी दी गई है।

अलीपुर मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक डॉ. हबीबुर रहमान बिस्वास ने कहा कि शनिवार को भी जिलों में आंधी-तूफान जारी रहने की संभावना है, हालांकि कोलकाता में इसका तुलनात्मक रूप से कम असर देखने को मिल सकता है। मौसम कार्यालय ने निवासियों को आंधी-तूफान के दौरान बाहर जाने से बचने की सलाह दी है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित