चंडीगढ़ , अक्टूबर 11 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू ने दिल्ली के गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है।
उन्होंने सवाल किया कि पुलिसकर्मियों को जूते पहनकर गुरुद्वारे में प्रवेश करने और वहां ठहरे लोगों को बाहर निकालने के आदेश किसने दिए।
श्री पन्नू ने रविवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और उन्हें प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए परिवहन सेवाएं बाधित करने की कार्रवाई ने सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा परिसर में पुलिस की कार्रवाई से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
आप नेता ने इस घटना को ऑपरेशन ब्लू स्टार की यादों से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा ने पहले इस अभियान को लेकर कांग्रेस की आलोचना की थी, लेकिन अब उसे बंगला साहिब में पुलिस की कार्रवाई पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई के दौरान एक सिख युवक के कपड़े फाड़े जाने का आरोप भी लगाया।
श्री पन्नू ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की चुप्पी पर सवाल उठाये। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से इस मुद्दे पर स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही है। उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने और पुलिस कार्रवाई के लिए जवाबदेही तय करने की अपील की। श्री पन्नू ने हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या और कार्रवाई के आदेश देने वालों के बारे में भी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
आप नेता ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री को इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। उन्होंने गुरुद्वारे की मर्यादा के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित