ढाका , नवंबर 01 -- बंगलादेश के गाजीपुर में न्यूनतम मासिक वेतन 30 हजार टका करने की मांग को लेकर रविवार को कपड़ा उद्योग के श्रमिकों ने ढाका-टांगाइल राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति पर नियंत्रण के लिए बॉर्डर गार्ड बंगलादेश (बीजीबी) की पांच प्लाटून तैनात की गई हैं।
इस दौरान कोनाबाड़ी इलाके में स्थित एक पुलिस चौकी में भी आग लगा दी गई। श्रमिकों ने सुबह आठ बजे के कुछ ही देर बाद राजमार्ग पर जुटना शुरू कर दिया और सुबह करीब 9:30 बजे सड़क जाम कर दी। इससे इस व्यस्त मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए श्रमिकों ने कालियाकैर उपजिला के सफीपुर बाजार, चंद्रा पल्ली बिजली, मौचक और तेलीचाला सहित राजमार्ग के कई स्थानों पर कब्जा कर लिया। लाठी लिए सैकड़ों श्रमिकों ने अलग-अलग स्थानों पर मोर्चा संभाल लिया, जिससे वाहनों की आवाजाही रुक गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कालियाकैर के रतनपुर इलाके में करानी निट कंपोजिट और निट एशिया सहित कई कारखानों के श्रमिक भी काम पर जाने के बजाय प्रदर्शन में शामिल हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित