ढाका , फरवरी 15 -- बंगलादेश में जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11-दलीय गठबंधन के नेताओं ने आम चुनाव की मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए 32 निर्वाचन क्षेत्रों में फिर से मतगणना की मांग की है। गठबंधन का कहना है कि मतदान प्रक्रिया भले ही अधिकांशतः शांतिपूर्ण रही, लेकिन मतगणना के दौरान गंभीर खामियां सामने आईं।

जमात-ए-इस्लामी के सहायक महासचिव हमीदुर रहमान आज़ाद ने गुरुवार को ढाका के आगारगांव स्थित निर्वाचन आयोग मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, "शुरुआत अच्छी थी, लेकिन अंत अच्छा नहीं रहा।"उन्होंने आरोप लगाया, "फर्जी वोट डाले गए, काले धन का प्रवाह हुआ और कई स्थानों पर डराने-धमकाने तथा झड़पों की घटनाएं हुईं। इन सबने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।"श्री आज़ाद ने कहा कि कई स्थानों पर निष्पक्ष मतगणना के लिए आवश्यक माहौल मौजूद नहीं था। परिणाम पत्रों में काट-छांट तथा ओवरराइटिंग देखी गयी। कई मामलों में एजेंटों के हस्ताक्षर भी नहीं पाए गए।

उन्होंने बताया कि गठबंधन ने 32 ऐसे निर्वाचन क्षेत्रों की सूची आयोग को सौंपी है, जहां उनका दावा है कि वे मामूली अंतर से मतगणना त्रुटियों के कारण हारे हैं। उन्होंने कहा, "हमने औपचारिक रूप से इन सीटों पर पुनर्मतगणना की मांग की है।"श्री आज़ाद ने कहा कि राजपत्र (गजट) प्रकाशन के बाद भी कानून में निर्वाचन आयोग, न्यायाधिकरण और उच्च न्यायालय सहित तीन स्तरों पर अपील का प्रावधान है। गठबंधन सभी कानूनी विकल्प अपनाएगा।

उल्लेखनीय है कि 11-दलीय गठबंधन ने सोमवार को ढाका स्थित बैतुल मुक़र्रम मस्जिद के उत्तरी गेट पर शाम 4.30 बजे विरोध रैली और प्रदर्शन करने की घोषणा की है, जिसमें कथित चुनावी "हिंसा" की निंदा की जाएगी। आज़ाद ने चेतावनी दी कि यदि हिंसा जारी रही तो देश पीछे चला जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित