ढाका , मार्च 27 -- बंगलादेश ने गुरुवार को अपनी स्वतंत्रता और राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर राजधानी ढाका के पुराने हवाई अड्डा क्षेत्र में स्थित नेशनल परेड स्क्वायर पर एक भव्य परेड और हवाई प्रदर्शन का आयोजन किया।
यह आयोजन विशेष रूप से महत्वपूर्ण था क्योंकि इसने लगभग 20 वर्षों के बाद इन समारोहों की वापसी को चिह्नित किया।
अंतर-सेवा जनसंपर्क (आईएसपीआर) की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ के रूप में सलामी ली।
'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री तारिक रहमान, मुक्ति युद्ध मामलों के मंत्री अहमद आजम खान, रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. एकेएम शम्सुल इस्लाम, थल सेना प्रमुख वकार-उज़-ज़मान, नौसेना प्रमुख एम. नजमुल हसन और वायु सेना प्रमुख हसन महमूद खान इस अवसर पर उपस्थित थे। संसद अध्यक्ष, कैबिनेट सदस्य, सांसद, वरिष्ठ नागरिक एवं सैन्य अधिकारी और राजनयिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
परेड का आयोजन मुक्ति युद्ध मामलों के मंत्रालय के तहत किया गया था, जिसका निर्देशन सशस्त्र बल प्रभाग और प्रबंधन बंगलादेश सेना के 9वें इन्फैंट्री डिवीजन ने किया। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों, सशस्त्र बलों के सदस्यों, अर्धसैनिक इकाइयों और अग्निशमन सेवा तथा नागरिक सुरक्षा के कर्मियों ने भाग लिया। नौंवे इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग और सावर क्षेत्र के कमांडर मेजर जनरल एसएम असदुल हक ने कमांडर के रूप में परेड का नेतृत्व किया, जबकि ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद शफकत-उल-इस्लाम उप-कमांडर थे। कुल 25 टुकड़ियों ने भाग लिया, जिन्होंने समन्वित मार्च-पास्ट और मशीनीकृत प्रदर्शन के माध्यम से आधुनिक सैन्य क्षमताओं का प्रदर्शन किया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस आयोजन का मुख्य आकर्षण सेना विमानन, नौसेना विमानन, बॉर्डर गार्ड बंगलादेश (बीजीबी) एयर विंग और रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) का फ्लाईपास्ट और पैरा कमांडो का पैराशूट जंप था। बंगलादेश वायु सेना के कलाबाजी प्रदर्शन में लड़ाकू विमानों, प्रशिक्षण विमानों और हेलीकॉप्टरों ने "हम बंगाल के आसमान को स्वतंत्र रखेंगे" विषय के तहत हवाई संरचनाएं बनाईं। लड़ाकू विमानों ने रंगीन धुआं छोड़ा, जबकि एक मिग-29 ने औपचारिक सलामी में "विक्ट्री रोल" का प्रदर्शन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित