ढाका , जुलाई 25 -- बंगलादेश में खसरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और पिछले 24 घंटे में खसरे जैसे लक्षणों के कारण छह और बच्चों की मौत हो गयी है। इससे बीमारी से हुई पुष्ट और संदिग्ध मौतों की कुल संख्या बढ़कर 816 हो गयी है।
बिजनेस स्टैंडर्ड बंगलादेश की रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के आंकड़ों में बताया गया है कि खसरे से संदिग्ध मौतों की संख्या बढ़कर 721 हो गयी है, जबकि प्रयोगशाला जांच में पुष्टि किये गये मृतकों की संख्या 95 पहुंच गयी है।
इसी अवधि में खसरे के 613 नए संदिग्ध मामले सामने आये, जिससे देशभर में संदिग्ध मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,22,763 हो गयी। वहीं, प्रयोगशाला जांच में 78 नये मामलों की पुष्टि होने के साथ पुष्ट संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 15,272 हो गयी है।
डीजीएचएस के अनुसार, 15 मार्च से अब तक देशभर में खसरे के संदिग्ध 1,05,298 मरीज अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। इनमें से 1,01,535 मरीज स्वस्थ होकर अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, 15 मार्च से अब तक खसरे के सबसे अधिक मामले ढाका (8,263), राजशाही (3,747), चटगांव (2,514) और खुलना (1,568) में दर्ज किए गए हैं।
ढाका में संक्रमण के अधिकतर मामले घनी आबादी वाली अनौपचारिक बस्तियों, जिनमें डेमरा, जत्राबाड़ी, कमरंगीरचर, कोराइल, मीरपुर तथा तेजगांव के औद्योगिक और झुग्गी क्षेत्र शामिल हैं, से सामने आये हैं। आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के लगभग 79 प्रतिशत मामले पांच वर्ष या उससे कम आयु के बच्चों में पाये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित