ढाका , अप्रैल 17 -- बंगलादेश में पिछले 24 घंटों के दौरान खसरे के कारण पांच और बच्चों की मौत हो गयी है।
स्थानीय समाचार पत्र 'प्रोथोम आलो' की रिपोर्ट के मुताबिक, ये मौतें स्थानीय समयानुसार 16 अप्रैल सुबह आठ बजे से 17 अप्रैल सुबह आठ बजे के बीच हुईं।
खसरे की वजह से 15 मार्च से अब तक कम से कम 37 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 174 मौतें खसरे जैसे लक्षणों से जुड़ी बतायी गयी हैं।
बंगलादेश में खसरे का यह प्रकोप पहले से ही बोझ तले दबी स्वास्थ्य प्रणाली पर और दबाव डाल रहा है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के अनुसार, इनमें से तीन मौतों में खसरे की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य मौतें बीमारी से मिलते-जुलते लक्षणों के कारण हुई हैं।
देश भर के अस्पताल अत्यधिक दबाव में काम कर रहे हैं। इसी अवधि के दौरान खसरे के लक्षणों वाले 1,115 बच्चों को भर्ती किया गया। इनमें से 127 मामलों में खसरे की पुष्टि हुई है।
संक्रमण और अस्पताल में भर्ती होने के मामलों में ढाका संभाग सबसे अधिक प्रभावित रहा। खसरे से हुई मौतों में से दो मामले बारीसाल संभाग के बरगुना जिले से सामने आये, जबकि शेष मामले ढाका में केंद्रित थे। खसरे के लक्षण वाले बच्चों में से 769 को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता पड़ी। इनमें 747 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी। अकेले राजधानी ढाका में भर्ती होने वाले मरीजों और पुष्ट संक्रमणों की संख्या कुल मामलों की आधी से अधिक रही, क्योंकि शहरी इलाकों में यह प्रकोप विशेष रूप से बढ़ गया है।।
देश भर में 21,000 से अधिक बच्चों में इसके लक्षण देखे गये हैं। इनमें से लगभग 14,000 को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता पड़ी है।
खसरे का यह व्यापक प्रकोप देश की टीकाकरण प्रणाली में आयी गहरी गिरावट का परिणाम है। टीकाकरण का दायरा जो 2023 में 90 प्रतिशत से अधिक था। वह 2025 में गिरकर मात्र 57 प्रतिशत रह गया, जो संक्रमण रोकने के लिए आवश्यक 95 प्रतिशत के मानक से बहुत कम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित