अगरतला , सितंबर 5 -- बंगलादेश बॉर्डर गार्ड्स (बीजीबी) की आपत्ति के बाद त्रिपुरा में उनाकोटी जिले के लाटियापुर ग्राम पंचायत इलाके में मनु नदी के तटबंध की मरम्मत और रख-रखाव का काम रुक गया है।
राज्य के समाज कल्याण एवं सामाजिक शिक्षा मंत्री टिंकू रॉय ने स्थिति का जायजा लेने और तटबंध निर्माण की प्रगति की समीक्षा करने के लिए प्रभावित इलाके का दौरा किया।
उनके साथ त्रिपुरा राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मोबस्वर अली, अन्य जन प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मंत्री ने तटबंध की स्थिति का मुआयना किया और अधिकारियों से उस हिस्से की जानकारी ली, जहां काम रोका गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस गतिरोध को सुलझाने के लिए राज्य सरकार उचित स्तर पर मामला उठायेगी।
यह तटबंध आसपास की आबादी को कटाव और बाढ़ के खतरे से बचाने में अहम भूमिका निभाता है, खासकर मानसून के दौरान जब मनु नदी का जलस्तर बढ़ने से किनारों पर दबाव काफी बढ़ जाता है।
मंत्री रॉय ने अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने और सीमा से जुड़ी चुनौतियों का समाधान तलाशने के निर्देश दिये, ताकि बाकी बचा काम बिना किसी और देरी के पूरा किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित