मीरपुर , अप्रैल 20 -- नाहिद राणा (पांच विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद तंजिद हसन (76) और नजमुल शांतो ( ) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत बंगलादेश ने सोमवार को दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 87 गेंदें शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ बंगलादेश ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी ली हैं।

बंगलादेश ने 35.3 ओवर में चार विकेट पर 199 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। 199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 21 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। सैफ हसन (आठ) को स्मिथ ने पहले ही ओवर में बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। सौम्य सरकार (आठ) को विलियम ओरूर्क ने आउट किया। इसके बाद नजमुल शांतो ने तंजिद हसन के साथ पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 120 रन जोड़े। 23वें ओवर में लेनॉक्स ने तंजिद हसन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। तंजिद हसन ने 58 गेंदों में 10 चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 76 रन बनाये। लिटन कुमार दास (सात) को भी लेनॉक्स ने आउट किया। 29वें ओवर में नजमुल शांतो (50) रन बनाकर रिटायर हर्ट हुए। शांतों ने 71 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाये। मो. तौहीद हृदोय (30) रन और कप्तान मेहदी हसन मिराज (आठ) रन बनाकर नाबाद रहे।

न्यूजीलैंड के लिए जेडेन लेनॉक्स ने दो विकेट लिये। नेथन स्मिथ और विलियम ओरूर्क ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले बंगलादेश नाहिद राणा की अगुवाई में गेंदबाजी आक्रमण के दम पर न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 48.4 ओवरों में 198 रन के स्कोर पर समेट दिया था। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब हुई और उसने 52रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। हेनरी निकल्स (13), विल यंग (दो) और टॉम लेथम (14) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद मुहम्मद अब्बास ने निक केली के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। नाहिद राणा ने मुहम्मद अब्बास (19) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इस दौरान एक छोर थामे रन बना रहे निक केली को शोरिफुल इस्लाम ने आउट कर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया। निक केली ने 102 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 83 रनों की पारी खेली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित