ढाका , अक्टूबर 18 -- बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने रविवार को नाहिदा अख्तर को बंगलादेश महिला टी-20 टीम का कप्तान नियुक्त किया। वह निगार सुल्ताना की जगह लेंगी, जबकि शोभना मोस्तरी को उप-कप्तान बनाया गया है।
आज यहां बीसीबी महिला विंग के चेयरमैन रफीकुल इस्लाम ने कहा, "हमने चयन पैनल के सदस्यों और अन्य लोगों के साथ चर्चा की और टी-20 कप्तानी नाहिदा को सौंपने का फैसला किया। शोभना मोस्तरी उनकी डिप्टी (उप-कप्तान) होंगी।"रफीकुल ने कहा कि नाहिदा को कमान सौंपने का यह बिल्कुल सही समय है। जब 2022 में सुल्ताना ने टी-20 कप्तान के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी, तब से नाहिदा टीम की उप-कप्तान थीं।
रफीकुल ने कहा, "नाहिदा काफी लंबे समय से उप-कप्तान रही हैं और अब हमें लगता है कि उन्हें हमारी टी-20 टीम की जिम्मेदारी सौंपने का सही समय आ गया है।"सुल्ताना ने टी-20 कप्तानी छोड़ दी है, लेकिन वह वनडे टीम की कमान संभालना जारी रखेंगी, जैसा कि उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान किया था। सुल्ताना के इस फैसले से बीसीबी हैरान रह गया, हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि यह विकेटकीपर-बल्लेबाज हाल के दिनों में बोर्ड द्वारा अपने साथ किए गए बर्ताव से निराश थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित