सिडनी , जुलाई 23 -- युवा खिलाड़ी सैम कॉन्स्टास और कैंपबेल केलावे को डार्विन में अगले महीने बंगलादेश के खिलाफ होने वाले दौरे के लिए 'क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन' में शामिल किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता भविष्य में टेस्ट मैचों में ओपनिंग करने वाले खिलाड़ियों के तौर पर इन दोनों खिलाड़ियों को टीम में जगह दी है। न्यू साउथ वेल्स के खिलाड़ी और दो टेस्ट मैच खेल चुके कर्टिस पैटरसन को भी टीम में जगह मिली है, जिससे पता चलता है कि वे अभी भी राष्ट्रीय स्तर पर अहम खिलाड़ी हैं। वहीं, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के ऑफ-स्पिनर कोरी रोचिचिओली को भी शामिल किया गया है, ताकि उन्हें भारत के आगामी 'ऑस्ट्रेलिया ए' और टेस्ट दौरों (जो क्रमशः सितंबर और जनवरी में होने हैं) के लिए तैयार किया जा सके। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट (सीए) ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन दिन के मैच के लिए 14 खिलाड़ियों की टीम चुनी है। यह मैच 13 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए वॉर्म-अप के तौर पर खेला जाएगा।

20 साल के कॉन्स्टास ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले ही पांच टेस्ट खेल चुके हैं, लेकिन पिछली सर्दियों में कैरेबियन दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद से वे टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं। पिछली गर्मियों में शेफ़ील्ड शील्ड में उन्होंने 33 की औसत से 660 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। रन बनाने वालों की सूची में वे सैम हार्पर, कैमरन बैनक्रॉफ्ट और हेनरी हंट जैसे ओपनर्स के बाद पांचवें स्थान पर रहे। 23 साल के केलावे ने भी पिछले साल एक शतक और दो अर्धशतक लगाए थे, लेकिन गर्मियों के दौरान उनका औसत 26.78 ही रहा, जो बहुत अच्छा नहीं था।

औसत फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड के बावजूद इन दोनों को भविष्य में टेस्ट ओपनिंग के लिए अहम खिलाड़ी माना जा रहा है। पिछले साल भारत में 'ऑस्ट्रेलिया ए' के लिए खेलते हुए उन्होंने दो मैचों में ओपनिंग की थी। लखनऊ में भारत ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट में उन्होंने 198 और 56 रनों की अटूट साझेदारियां की थीं।

पैटरसन का करियर फिर से पटरी पर लौटा है, जो काफी उल्लेखनीय है। 2019 में श्रीलंका के खिलाफ अपनी आखिरी टेस्ट पारी में नाबाद शतक लगाने के बावजूद, उन्हें शील्ड क्रिकेट में संघर्ष करना पड़ा था। पिछले दो सालों में उन्होंने अलग-अलग परिस्थितियों में 23 फर्स्ट-क्लास मैचों में 48 की औसत से रन बनाए हैं और चार शतक जड़े हैं, जिसमें 'ऑस्ट्रेलिया ए' की ओर से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ लगाया गया शतक भी शामिल है। 33 साल के होने के बावजूद, चयनकर्ता उन्हें टेस्ट में मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर देख रहे हैं।

रोचिचिओली पिछले पांच सीज़न में शील्ड क्रिकेट के सबसे सफल स्पिनर रहे हैं और उन्होंने 29.16 की औसत से 151 विकेट लिए हैं। उनसे ज़्यादा विकेट सिर्फ़ साउथ ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ नाथन मैकएंड्रू ने लिए हैं। हालांकि, टेस्ट टीम में चुने जाने के मामले में वे सीए के साथ कॉन्ट्रैक्ट वाले टॉड मर्फी और मैट कुहनेमैन से थोड़ा पीछे हैं, लेकिन उन्हें काफी अच्छा माना जाता है और वे कई बार ऑस्ट्रेलिया ए के लिए खेल चुके हैं, जिसमें पिछले साल भारत का दौरा भी शामिल है। दो विकेटकीपर-बल्लेबाज, जोश फिलिप और जेक डोरन को अपेक्षाकृत युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण के साथ शामिल किया गया है। टीम को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच और मौजूदा अंडर-19 मेंटर टिम निल्सन कोचिंग देंगे।

इस बीच, साउथ ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलिया ए के बल्लेबाज जेसन सांघा और ऑस्ट्रेलिया के सबसे नए टी-20 खिलाड़ी जोएल डेविस को 12 ऑस्ट्रेलियाई डेवलपमेंट खिलाड़ियों के ग्रुप में शामिल किया गया है, जो सालाना एमआरएफ एकेडमी प्रोग्राम में हिस्सा लेने के लिए चेन्नई जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन इस ग्रुप को मेंटर करेंगे, जिसमें साउथ ऑस्ट्रेलिया के लेग-स्पिनर लॉयड पोप, ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के पूर्व कप्तान ह्यू वेइबजेन और मौजूदा अंडर-19 बल्लेबाज स्टीवन होगन भी शामिल हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन बनाम बांग्लादेश टीम इस प्रकार है:- कैंपबेल केलावे, कैंपबेल थॉम्पसन, कोरी रोचिचिओली, हैनो जैकब्स, जेक डोरन, जेरसिस वाडिया, जोश फिलिप, कर्टिस पैटरसन, सैम कॉन्स्टास, टीग विली, टॉम मेंज़ीज़, टॉम रोजर्स, ज़ेवियर क्रोन, नूह मैकफैडेन।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित