तल्लाहासी फ्लोरिडा , अक्टूबर 25 -- अमेरिका के फ्लोरिडा में तल्लाहासी के एक फुटबॉल स्टेडियम के पास हुई गोलीबारी में 12 लोग घायल हो गए। इनमें छह बच्चे भी शामिल हैं। यह घटना फ्लोरिडा एएंडएम विश्वविद्यालय में पूर्व छात्रों के मिलन समारोह फुटबॉल मैच के कुछ घंटों बाद हुई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सीएनएन के अनुसार तल्लाहासी पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने पत्रकारों को बताया कि घायलों में से 11 लोगों को गोली लगी है, जबकि 12वीं घायल एक बुजुर्ग महिला (एक पीड़ित की दादी) हैं, जो घटना स्थल से भागते समय घायल हो गईं।

पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक की हालत नाजुक है, तीन को गंभीर चोटें आई हैं और आठ लोगों की हालत स्थिर है। घायल बच्चों में सबसे छोटा बालक 11 साल का है।

रेवेल ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि गोलीबारी से पहले वहां कोई झगड़ा हुआ था।

यह गोलीबारी फ्लोरिडा एएंडएम के 'ब्रैग मेमोरियल स्टेडियम' के पास हुई। इससे पहले वहां एक 'होमकमिंग' फुटबॉल मैच खेला गया था, जिसमें 'अर्कांसस-पाइन ब्लफ गोल्डन लायंस' ने 'फ्लोरिडा एंएंडएम रैटलर्स' को 31-28 से हराया था। पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि गोलीबारी का इस मैच से कोई संबंध है या नहीं।

विश्वविद्यालय ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को पेरी स्ट्रीट पर उनके कैंपस के पास हुई और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विश्वविद्यालय ने कहा कि कैंपस सुरक्षित है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे उस इलाके में जाने से बचें, ताकि पुलिस और जांच अधिकारी अपना काम ठीक से कर सकें।

रेवेल ने बताया कि पुलिस विभाग की हिंसक अपराध इकाई इस मामले की जांच कर रही है। जासूस सबूत इकट्ठा कर रहे हैं और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

रेवेल ने पत्रकारों को बताया कि जांचकर्ता और फोरेंसिक टीम मौके पर सबूत जुटाने और उनकी जांच करने का काम कररही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित