नयी दिल्ली , अक्टूबर 05 -- क्षेत्रीय विमान सेवा कंपनी फ्लाई91 ने अपने इस साल 25 अक्टूबर से शुरू हो रहे विंटर शेड्यूल 2026-27 में उड़ानों की संख्या में 26 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है।
एयरलाइंस ने बताया कि कंपनी के छठे एटीआर विमान के बेड़े में शामिल होने के बाद वह नवी मुंबई से विभिन्न शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेगी। इससे विंटर शिड्यूल में साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 280 से बढ़ाकर 354 हो जाएगी। साथ ही, नवी मुंबई उसके नेटवर्क में शामिल होने वाला 14वां हवाई अड्डा बन जाएगा।
फ्लाई91 ने बताया कि नवी मुंबई से सिंधुदुर्ग, जलगांव, गोवा और लक्षद्वीप के अगाती से जोड़ेगी। इसके अलावा तिरुपति के लिए उड़ानें बढ़ाई जाएंगी जहां से पिछले महीने सेवा शुरू की गई थी। विंटर शिड्यूल से तिरुपति और हैदराबाद के बीच दिन में दो बार उड़ानें उपलब्ध होंगी। साथ ही, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को दोनों शहरों के बीच तीसरी उड़ानें भी होंगी।
तिरुपति-विजयवाड़ा सप्ताह में तीन दिन - मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को - सेवा उपलब्ध होगी। तिरुपति-राजमुंदरी के बीच सोमवार और शुक्रवार को उड़ानों का संचालन होगा। सप्ताह में दो बार चलने वाली तिरुपति-बेंगलुरु सेवा की शुरुआत की जाएगी जो बुधवार और रविवार को उपलब्ध होगी।
फ्लाई91 ने हाल ही में 40 एटीआर विमानों का दिया था। यह दुनिया में किसी भी क्षेत्रीय विमान सेवा कंपनी द्वारा दिया गया अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित