पणजी , अप्रैल 10 -- क्षेत्रीय विमान सेवा कंपनी फ्लाई91 ने शुक्रवार को हैदराबाद-राजमुंद्री-हैदराबाद और हैदराबाद-विजयवाड़ा-हैदराबाद सेक्टरों पर उड़ानें शुरू कीं।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने विजयवाड़ा एयरपोर्ट से हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए एयरलाइन की पहली उड़ान का वर्चुअल उद्घाटन किया।
दोनों मार्गों पर फिलहाल दैनिक सेवा शुरू की गयी है जिन्हें 17 अप्रैल से बढ़ाकर दिन में दो बार किया जायेगा। इसके साथ ही प्रमुख टियर-2 शहरों को हैदराबाद से जोड़ने वाली सेवाओं की शुरुआत हुई।
फ्लाई91 की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इससे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण भारत में क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत होगा। यह एयरलाइंस के 'कनेक्टिंग भारत' के विजन के अनुरूप है। पहली उड़ानों से पहले, दोनों मार्गों पर फ्लाई91 के एटीआर 72-600 विमानों को संबंधित हवाई अड्डों पर पारंपरिक वाटर कैनन सलामी दी गयी। दोनों उड़ानों के पहले यात्रियों को इस अवसर पर स्मारक बोर्डिंग पास प्रदान किये गये।
उद्घाटन समारोह में आंध्र प्रदेश सरकार में खान, भूविज्ञान और आबकारी मंत्री कोल्लू रविंद्रा, विजयवाड़ा हवाई अड्डे के निदेशक एम. लक्ष्मीकांत रेड्डी और फ्लाई91 के मुख्य राजस्व अधिकारी आशुतोष चिटनिस सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
श्री नायडू ने कहा कि फ्लाई91 केवल मेट्रो शहरों पर ध्यान नहीं दे रही, बल्कि दूरदराज और टियर-2 तथा टियर-3 शहरों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। इन (क्षेत्रीय) विमान सेवा कंपनियों के भरोसे के कारण ही सरकार ने 'उड़ान' योजना को 10 साल के लिए बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य 2047 तक देश के मौजूदा 165 हवाई अड्डों को बढ़ाकर 350 करना है।नये शुरू किये गये मार्गों के लिए टिकट बुकिंग फ्लाई91 की वेबसाइट और ट्रैवल पार्टनर्स सहित सभी माध्यमों पर शुरू हो चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित