नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार लोगों के हित में कामों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए निजी कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि शहर को और बेहतर बनाया जा सके।

श्रीमती गुप्ता की मौजूदगी में सोमवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। यह एमओयू फ्लाईओवरों के नीचे की खाली जगहों को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए किया गया है। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली को साफ, सुंदर और बेहतर तरीके से विकसित शहर बनाना है। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सीएसआर के तहत डालमिया भारत लिमिटेड, गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप और इज माय ट्रिप फाउंडेशन के साथ मिलकर यह एमओयू साइन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार लोगों के हित में कामों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए निजी कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि शहर को और बेहतर बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस समझौते के तहत फ्लाईओवरों के नीचे पड़ी खाली और उपेक्षित जगहों को सुंदर, उपयोगी और लोगों के काम आने वाले स्थानों में बदला जाएगा। इन जगहों पर हरियाली विकसित की जाएगी, दीवारों पर आकर्षक चित्र बनाए जाएंगे, बैठने की सुविधा होगी, साफ-सफाई का अच्छा इंतजाम किया जाएगा और लोगों के उपयोग के लिए जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे ये स्थान शहर की पहचान का हिस्सा बन सकेंगे।

उन्होंने बताया कि यह पहल न केवल दिल्ली के समग्र सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देगी, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता को भी मजबूत करेगी। यह प्रयास 'स्वच्छ और सुंदर दिल्ली' के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी सहभागी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से दिल्ली को आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की पहलें दिल्ली को वर्ष 2047 के 'विकसित भारत' के विजन के अनुरूप आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह पहल दिल्ली के शहरी ढांचे को नया स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फ्लाईओवर के नीचे के स्थानों का सौंदर्यीकरण न केवल शहर को सुंदर बनाएगा, बल्कि इन स्थानों को जन उपयोग के लिए भी अधिक उपयोगी और सुरक्षित बनाएगा। सरकार ऐसे प्रयासों के माध्यम से दिल्ली को स्वच्छ, व्यवस्थित और विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित