पेरिस , अक्टूबर 19 -- फ्रांस में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने खुफिया तंत्र और पूर्व तैयारियों में नाकामी स्वीकार की है लेकिन उन्होंने गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज का इस्तीफा नामंजूर किया है।

राष्ट्रपति कार्यालय (एलिसी पैलेस) ने सोमवार को बयान जारी कर यह जानकारी दी।

फ्रांस में महंगाई और रोजमर्रा के खर्चों में बढ़ोतरी के खिलाफ हुए प्रदर्शनों ने अचानक हिंसक रूप ले लिया था, जिसके बाद देश को हाल के वर्षों की सबसे भीषण हिंसा का सामना करना पड़ा है। इस बवाल के बाद कुछ विपक्षी नेता गृह मंत्री नुनेज को पद से हटाने की मांग कर रहे थे। गृह मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार को देश भर में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़पें हुईं, बड़े पैमाने पर लूटपाट की गई और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं हैं। इस दौरान लगभग 2,400 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि करीब 1,000 पुलिसकर्मी और गश्त दल के जवान घायल हुए।

राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि गृह मंत्री ने रविवार को राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया था लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने की निरंतर जरूरत को देखते हुए राष्ट्रपति ने इसे अस्वीकार कर दिया।

बयान के मुताबिक, श्री मैक्रों ने श्री नुनेज से कहा है कि वे उन खुफिया और योजनागत कमियों पर पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं, जिनके कारण यह हिंसा हुई। राष्ट्रपति ने उन्हें इस संकट से निपटने के लिए सुरक्षा बलों की नई कार्यप्रणाली लागू करने का भी निर्देश दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित