नैरोबी , मई 13 -- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने मंगलवार को कहा कि फ्रांस में हंता वायरस की स्थिति "नियंत्रण में" है और वायरस को फैलने से रोकने के लिए यूरोपीय स्तर पर मजबूत समन्वय की आवश्यकता है।

श्री मैक्रों ने अफ्रीका फॉरवर्ड शिखर सम्मेलन के समापन पर नैरोबी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, "सरकार ने सही निर्णय लिए हैं। हमारे स्वास्थ्यकर्मियों की बदौलत स्थिति नियंत्रण में है।" उन्होंने दावा किया कि पेरिस, मैड्रिड और कुछ अन्य देशों ने विशेषज्ञों की सिफारिशों तथा पूर्व अनुभवों के आधार पर "सबसे कड़े प्रोटोकॉल" लागू किए हैं।

श्री मैक्रों ने कहा, "अब यह जरूरी है कि वास्तविक यूरोपीय समन्वय स्थापित हो। प्रोटोकॉल को जल्द से जल्द सबसे सख्त मानकों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए और विश्व स्वास्थ्य संगठन को अगले चरणों में इन प्रयासों का समुचित समन्वय करना चाहिए।"इस बीच, स्टेफनी रिस्ट ने मंगलवार को फ्रांस की राष्ट्रीय विधानसभा में कहा कि देश में हंता वायरस के एंडीज स्वरूप के व्यापक प्रसार का "कोई प्रमाण" नहीं मिला है और अधिकारी इस बात को लेकर काफी हद तक आश्वस्त हैं कि वायरस में कोई उत्परिवर्तन नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि अब तक जिन मामलों की पुष्टि हुई है वे सभी क्रूज जहाज के यात्रियों से जुड़े हैं। फ्रांसिसी सरकार के अनुसार देश में चिन्हित 22 संपर्क मामलों से संपर्क किया जा चुका है और उन्हें जांच, अस्पताल में भर्ती या भर्ती की प्रक्रिया में रखा गया है।

क्रूज जहाज पर फैले घातक हंता वायरस प्रकोप से संक्रमित एक फ्रांसिसी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका पेरिस में कृत्रिम फेफड़े की सहायता से उपचार किया जा रहा है।

बिचात हॉस्पिटल में संक्रामक बीमारियों के विशेषज्ञ डॉ ज़ेवियर लेसक्योर ने बताया कि महिला गंभीर संक्रमण से पीड़ित है, जिससे उसके फेफड़ों और हृदय को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मरीज को जीवन रक्षक उपकरण पर रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित