देवरिया , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मई को देवरिया दौरे पर आ सकते हैं, जहां वह देवरिया-कसया फोरलेन मार्ग निर्माण परियोजना का शिलान्यास करने के साथ एक जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का आधिकारिक प्रोटोकॉल प्राप्त नहीं हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी ने बुधवार को यूनीवार्ता को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 22 मई को देवरिया आने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और भाजपा संगठन तैयारियों में जुट गया है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवरिया-कसया फोरलेन परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं और इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने सदर कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर गांव पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं और आधिकारिक प्रोटोकॉल मिलने के बाद अंतिम रूप से कार्यक्रम तय किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित