नयी दिल्ली , फरवरी 05 -- फोर्ब्स ग्लोबल प्रॉपर्टीज ने गुरुवार को भारत के लग्जरी रियल एस्टेट में प्रवेश और देश के लिए अपनी दीर्घकालिक रणनीतिक योजना 'मिशन 2030' की घोषणा की।
फोर्ब्स के अधिकारियों ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत में निरंतर संपत्ति सृजन, वैश्विक पूंजी निवेश में वृद्धि और अति धनाढ्य तथा बेहद धनाढ्य लोगों की बढ़ती संख्या के कारण रियल एस्टेट एक महत्वपूर्ण परिसंपत्ति वर्ग के रूप में उभर रहा है। यह अब केवल आवास नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल, निवेश मूल्य और वैश्विक अवसरों का मिश्रण बन चुका है।
उन्होंने कहा कि 'मिशन 2030' के तहत फोर्ब्स ग्लोबल प्रॉपर्टीज श्रेष्ठ भागीदारों के साथ चयनात्मक रूप से काम करेगी, वैश्विक मानकों के अनुरूप परियोजनाएं विकसित करेगी, संस्थागत स्तर की एडवाइजरी सेवाओं को मजबूत बनायेगी और भारत तथा वैश्विक रियल एस्टेट बाजारों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करेगी।
फोर्ब्स ग्लोबल प्रॉपर्टीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइकल डब्ल्यू. जल्बर्ट ने बताया कि पिछले पांच साल में कंपनी ने विश्व स्तर पर तेजी से विकास किया है और वर्तमान में 38 देशों में इसके 600 कार्यालय हैं। भारत को लेकर कंपनी की बड़ी योजनाएं हैं, जिससे भारतीय ग्राहकों को बेहतर और प्रोफेशनल रियल एस्टेट सेवाएं मिलेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित