हुगली , नवंबर 01 -- पश्चिम बंगाल में आतिशबाजी एवं डीजे बॉक्स विरोधी मंच (फोरम) ने चंदननगर केंद्रीय जगद्धात्री पूजा समिति के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर त्योहार के दौरान पटाखे और डीजे पर रोक लगाने की अपील की।

यह बैठक चंदननगर के बागबाजार में केंद्रीय समिति के कार्यालय में हुई। फोरम के सदस्यों ने आयोजकों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि उत्सव के दौरान न तो पटाखे जलाए जलाएंगे और न ही डीजी का इस्तेमाल करेंगे। केंद्रीय समिति के महासचिव शुभजीत शॉ ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि चंदननगर की जगद्धात्री पूजा में किसी भी जगह डीजे संगीत नहीं बजाया जाता है। उन्होंने कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान भी पटाखे और डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।

श्री शॉ ने बताया कि केंदीय समिति ने एक बार फिर सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया है कि वे इस साल डीजे या पटाखों का इस्तेमाल नहीं करें। उन्होंने फोरम के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं और अनुरोधों को हर समिति तक पहुंचा दिया जाएगा। फोरम के महासचिव गौतम सरकार ने बताया कि पिछले साल उन्हें दो पूजा समितियों द्वारा डीजे के इस्तेमाल को लेकर शिकायतें मिली थीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के उत्सव में डीजे और जेबीएल का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित