राजनांदगांव , सितम्बर 25 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की डोंगरगढ़ पुलिस ने महिला के फोटो और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देकर कथित तौर पर दुष्कर्म करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसके दिवंगत पति का परिचित लोकेश साहू (26), निवासी फरदफोड़, थाना देवरी, जिला बालोद, पति की मृत्यु से पहले से उसके घर आता-जाता था। आरोपी के पास महिला का मोबाइल नंबर था और दोनों के बीच बातचीत होती थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में लोकेश ने महिला के फोटो और वीडियो वायरल करने तथा घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। भय और लोक-लज्जा के कारण महिला ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अगस्त 2025 में महिला को डोंगरगढ़ स्थित एक लॉज में ले जाकर कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद वह राजनांदगांव के लखोली स्थित महिला के घर भी आता रहा और धमकी देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 4179/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) और 351(2) के तहत जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि मामले में उपनिरीक्षक गीतांजलि सिन्हा की टीम ने कार्रवाई करते हुए लोकेश साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित