लखनऊ , फरवरी 12 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर कई जिलों में फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पार्टी ने मांग की है कि सभी संदिग्ध फॉर्म-7 तत्काल निरस्त किए जाएं और मिथ्या आधार पर आवेदन करने वालों के विरुद्ध आर.पी. एक्ट की धारा 31 के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाए।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कन्नौज, इटावा, बस्ती, प्रयागराज, मेरठ, मिर्जापुर, आगरा, गोरखपुर, देवरिया और बुलन्दशहर सहित विभिन्न जिलों की विधानसभाओं में बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा कर समाजवादी पार्टी समर्थक, विशेषकर पीडीए और मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाने का दबाव बनाया जा रहा है।

पार्टी के अनुसार कई स्थानों पर बीएलओ के पास बल्क में फॉर्म-7 जमा किए गए हैं, जिनमें मतदाताओं के नाम और ईपिक नंबर प्रिंट हैं। कुछ मामलों में आवेदकों के हस्ताक्षर फर्जी होने के आरोप भी लगाए गए हैं। मिर्जापुर जिले में कथित रूप से जिन व्यक्तियों के नाम से आवेदन दिए गए, उन्होंने लिखित रूप से हस्ताक्षर से इंकार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित