अमृतसर , सितंबर 11 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी ) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने भारत में गुरुद्वारों के दर्शन के लिए आ रहे पाकिस्तान के 104 सिख श्रद्धालुओं को फैसलाबाद हवाई अड्डे पर रोके जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

श्री धामी ने शुक्रवार को कहा कि भारत सरकार से वैध वीजा मिलने के बावजूद श्रद्धालुओं को यात्रा के अंतिम समय में रोकना उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से श्रद्धालुओं को तत्काल भारत आने की अनुमति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि हवाई मार्ग से यात्रा संभव नहीं है तो श्रद्धालुओं को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत आने की अनुमति दी जाये तथा दोनों देशों की सरकारें धार्मिक यात्राओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाकर श्रद्धालुओं की यात्रा में बाधा न डालें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित