सोनीपत , जुलाई 14 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के खांडा गांव में देर रात फैक्ट्री से घर लौट रहे एक युवक पर करीब आधा दर्जन बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने युवक की मोटरसाइकिल रोककर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उसकी बांह टूट गयी। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गये।

पीड़ित मोहित ने पुलिस को बताया कि वह पिछले एक वर्ष से आईएमटी स्थित मारुति सुजुकी प्लांट में कार्यरत है। शनिवार रात करीब 12:15 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जोहादीपुर रोड पर नाले नंबर-8 के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार-पांच युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और बिना किसी उकसावे के उस पर हमला कर दिया।

हमले में मोहित की बाईं बांह पर लाठी से वार किया गया, जिससे उसका हाथ टूट गया। इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी चकनाचूर कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। घायल मोहित को पहले खरखौदा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।

खरखौदा थाना पुलिस ने बताया कि मेडिकल-लीगल रिपोर्ट में पीड़ित को पांच गंभीर चोटें दर्ज की गयी हैं। पीड़ित के बयान और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित