अलवर , अक्टूबर 13 -- राजस्थान में खैरथल- तिजारा जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को फैक्ट्री में सफाई करने के दौरान मशीन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आर्यन (18) के रूप में हुई है। सूत्रों ने बताया कि आर्यन सुबह फैक्ट्री में मोल्डिंग मशीन की सफाई करने गया था। सफाई पूरी करने के बाद जब वह मशीन से बाहर निकल रहा था, उसी दौरान मशीन संचालक ने मशीन चालू कर दी। अचानक मशीन चलने से आर्यन उसकी चपेट में आ गया और उसके अंदर फंसकर उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव अस्पताल पहुंचाया। आर्यन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का है। उसके परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित