मुरैना , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आठ दिन पहले एक कारखाने में गैस पाइप फटने से बुरी तरह झुलसे तीन मजदूरों में से एक की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

ग्राम जड़ेरुआ स्थित पुराने टायरों से तेल निकालने वाली ग्रीनटच फैक्ट्री में गैस पाइप फटने से 16 अक्टूबर को तीन मजदूर झुलस गए थे। एक मजदूर ने कल शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया,जबकि दो का इलाज जारी है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री में काम करते समय अचानक गैस पाइप फटने से तीन मजदूरों दुर्गेश, अनुपम ओर गोपी गंभीर रूप से झुलस गए थे। फैक्ट्री प्रबंधन ने स्थानीय प्रशासन को बगैर बताए घायल मजदूरों को अपने स्तर पर इलाज के लिए ग्वालियर भेज दिया, जहां से दुर्गेश की स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया था। पुलिस के अनुसार कल मजदूर दुर्गेश की इलाज के दौरान दिल्ली में मौत हो गई।

वहीं कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि उन्होंने फैक्ट्री को बंद करने ओर वहां अन्य संचालित फैक्ट्रियों की जांच के लिए पॉल्यूशन बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। श्रम विभाग द्वारा मृत मजदूर के परिजन को 13.75 लाख रुपए देने होंगे और घायलों का भी उचित उपचार फैक्ट्री प्रबंधन को करना होगा।

कलेक्टर ने कहा कि घायल मरीज जब तक स्वस्थ न हों तब तक उन्हें फैक्ट्री प्रबंधन को पूरा वेतन देना होगा।

बताया जाता है कि इस फैक्ट्री में कार्यरत अधिकांश मजदूर उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद ओर फर्रुखाबाद निवासी हैं, जिन्हें एक ठेकेदार के माध्यम से प्रबंधन ने फैक्ट्री में काम करने के लिए रखा हुआ है।

नूराबाद थाना पुलिस के अनुसार वह आज कारखाना प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज करने जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित