रायसेन , सितंबर 16 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के मंडीदीप में पूर्व पार्षद वीरेंद्र मीना की फेसबुक पोस्ट को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मामले में मंडीदीप पुलिस ने पूर्व पार्षद वीरेंद्र मीना के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भाजपा के नेता पूर्व पार्षद वीरेंद्र मीना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने मंडीदीप थाने पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने वीरेंद्र मीना के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मीना की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे।
इसी दौरान ब्लॉक कांग्रेस मंडीदीप के अध्यक्ष दीपेश मीना और उनके समर्थक भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा तथा उनके समर्थकों के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के अपमान को लेकर मामला दर्ज कराने की मांग करते हुए थाने के सामने धरने पर बैठ गए। वहीं भाजपा के नेता भी थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित