नूंह , मई 29 -- हरियाणा के नूंह जिले के गांव नयी में शुक्रवार को फेसबुक पोस्ट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद लाठी-डंडे चले और फिर छतों से पथराव शुरू हो गया। घटना में सात लोग घायल हो गये, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, रेशम पक्ष और मगरू पक्ष के बीच पिछले तीन दिनों से सोशल मीडिया पर की गयी एक पोस्ट को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गये और मारपीट शुरू हो गयी।
हमले में एक महिला के सिर में गंभीर चोट आयी, जबकि अन्य घायलों के हाथ और पैरों में चोटें लगी हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। महिलाएं और बच्चे डर के कारण घरों में छिप गये।
गांव के सरपंच मन्नान ने बताया कि पहले दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले, इसके बाद छतों से पत्थर फेंके गये। पथराव में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर बिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बिछोर थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस को शिकायत मिली है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित