पिथौरागढ़ , अगस्त 04 -- उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फेसबुक के माध्यम से बाल यौन शोषण संबंधी सामग्री प्रसारित करने के आरोप में नेपाल मूल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साइबर टिपलाइन से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना बलुवाकोट में गत 15 जुलाई को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी को सौंपी गई।
जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि जिस मोबाइल सिम से आपत्तिजनक सामग्री फेसबुक के माध्यम से प्रसारित की जा रही थी, वह बलुवाकोट निवासी एक महिला के नाम पर पंजीकृत था। हालांकि उसका उपयोग उसका भाई वीर भान राम लावड (32 ) निवासी उड़ई, वार्ड संख्या-9, आंचल महाकाली, थाना दार्चुला, जिला दार्चुला (नेपाल) कर रहा था, जो वर्तमान में बलुवाकोट में रह रहा था।
विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपी फेसबुक के माध्यम से विभिन्न व्यक्तियों को बाल यौन शोषण संबंधी सामग्री भेज रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह नेगी की अगुवाई वाली टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के साथ ही 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि टिप लाइन एक विशेष टेलीफोन नंबर, ईमेल या आनलाइन पोर्टल होता है जिसका उपयोग आम जनता द्वारा किसी अपराध, संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा खतरे की जानकारी पुलिस या जांच एजेंसियों को गुप्त रूप से देने के लिए किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित