नयी दिल्ली , जुलाई 17 -- निजी क्षेत्र के फेडरल बैंक को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकल आधार पर 1,177 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो सालाना आधार पर 36.57 प्रतिशत की बढ़ा है।
बैंक ने शुक्रवार को बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका कुल राजस्व 8,287 करोड़ रुपये रहा। इसमें ब्याज से प्राप्त राजस्व 7,238 करोड़ रुपये रहा। इनमें क्रमशः 6.2 प्रतिशत और 8.25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
इस दौरान, गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) के मामले में बैंक के प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है और यह ऐतिहासिक निचले स्तर पर है। उसका सकल एनपीए अनुपात तीन महीने में 1.62 प्रतिशत से घटकर 1.52 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए 0.20 प्रतिशत से घटकर 0.18 प्रतिशत रह गया।
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के.वी.एस. मनियन ने कहा कि खजाने पर दबाव के बावजूद तिमाही में मुनाफा 37 प्रतिशत बढ़ना दिखाता है कि बैंक की आय मुख्य कारोबार से आ रही है. न कि बाजार के मुनाफे से। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा दी गयी उधारी 15 प्रतिशत बढ़ी है जबकि ब्याज से प्राप्त शुद्ध आय में 26 फीसदी का इजाफा हुआ है। इससे स्पष्ट है कि ब्याज से प्राप्त शुद्ध कमाई में सुधार हो रहा है।
बैंक की बैलेंसशीट का आकार सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 5,97,616 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू खाता और बचत खाते में जमा राशि 18 प्रतिशत बढ़कर 1,03,163 करोड़ रुपये हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित