भोपाल , फरवरी 1 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में तीसरी कक्षा के छात्र 12 वर्षीय इब्राहिम की गोली लगने से हुई मौत के मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस अवैध पिस्टल से गोली चली, वह बच्चे के फूफा वाहिद नूर की बताई जा रही है, जिसका नाम पूर्व में एक कुख्यात सीरियल किलर के मामले में भी सामने आ चुका है।
परिजनों के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात करीब 1:50 बजे की है। उस समय इब्राहिम के पिता रिजवान लाला दोस्तों के साथ परवलिया सड़क स्थित एक ढाबे पर थे। घर में मां और भाभी ग्राउंड फ्लोर पर खाना खा रही थीं, तभी पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचने पर इब्राहिम खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। बच्चे को तुरंत कमला नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
बच्चे के चाचा रेहान ने बताया कि इब्राहिम बेहद चंचल और प्यारा था। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। शनिवार रात बाद नमाज ए ईशा छोला थाना क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसीपी राकेश सिंह बघेल ने बताया कि बच्चे की कनपटी पर गन शॉट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया सुसाइड की आशंका जताई है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे ने खुद गोली चलाई या खेल-खेल में गोली चल गई। परिजनों ने किसी भी तरह की डांट-फटकार की बात से इनकार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रिजवान लाला के बयान में सामने आया है कि उनके जीजा वाहिद नूर करीब एक महीने पहले उनके घर में रहकर गए थे। इसी दौरान उनकी अवैध कंट्री मेड पिस्टल घर में रह गई, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। शुक्रवार को घर में सफाई के दौरान वह पिस्टल बच्चे के हाथ लग गई और देर रात गोली चल गई।
गौतम नगर पुलिस ने इब्राहिम की मां के बयान भी दर्ज कर लिए हैं और घटना वाले पूरे फ्लोर को सील कर दिया गया है। जब्त पिस्टल को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही, जिस ढाबे पर घटना के समय पिता मौजूद थे, वहां का सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वाहिद नूर पूर्व में मंडीदीप के ट्रेलर चालक आदेश खामरा के मामले में चर्चा में रहा है, जिसने पूछताछ में लूट की नीयत से दो दर्जन से अधिक ट्रक चालकों की हत्या की बात स्वीकार की थी। उन वारदातों में लूटे गए लोहे को वाहिद नूर के माध्यम से बेचे जाने की बात भी सामने आई थी। अब एक बार फिर उसका नाम एक मासूम की मौत के मामले में सामने आने से इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित