आगरा , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में नाई की मंडी क्षेत्र स्थित एक फुटवियर दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6.57 लाख रुपये नकद तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 31 दिसंबर की रात चिराग फुटवियर नामक दुकान में अज्ञात व्यक्तियों ने ऊपर बने दरवाजे का ताला तोड़कर प्रवेश किया और तिजोरी से करीब 11 लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। एक जनवरी की सुबह दुकान कर्मचारियों ने दरवाजा खुला और ताले टूटे देखे, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दुकान एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदेह होने पर दुकान में कार्यरत कर्मचारी राहुल से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की साजिश राहुल ने रची थी और उसने अपने साथियों को सूचना दी थी।
पुलिस ने राहुल सहित समीर नामक दो युवकों और इमरान को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी पवन की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हुए थे। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित