पटना , सितंबर 22 -- बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने मंगलवार को कहा कि फुटवियर उद्योग के लिए बिहार में व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं और सरकार ऐसा औद्योगिक परिवेश तैयार करने के लिए प्रयासरत है, जहां उद्योग आसानी से स्थापित हों, सुगमता से संचालित हों और अपने कारोबार का विस्तार कर सकें।

सुश्री सिंह ने कहा कि मुजफ्फरपुर के महवल स्थित मेगा लेदर, फुटवियर एवं सहायक सामग्री पार्क बिहार में मजबूत विनिर्माण परिवेश विकसित करने और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है।

मंत्री ने आज लेदर एवं फुटवियर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्योग प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में भाग लिया। इस बैठक से पहले उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने महवल औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेगा लेदर, फुटवियर एवं सहायक सामग्री पार्क का दौरा कर वहां उपलब्ध आधारभूत संरचना और निवेश की संभावनाओं का जायजा लिया।

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार बड़े पैमाने पर विनिर्माण के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना और नीतिगत परिवेश को लगातार मजबूत कर रहा है। यह पार्क एक समर्पित औद्योगिक क्षेत्र उपलब्ध कराता है, जहां लेदर एवं फुटवियर क्षेत्र का एकीकृत औद्योगिक परिवेश विकसित किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित