रायसेन , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के बेगमगंज स्थित सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल में बुधवार को लंच ब्रेक के दौरान दो छात्रों के बीच हुए विवाद में कक्षा 10 के एक छात्र ने कक्षा 12 के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फुटबॉल खेलने को लेकर दोनों छात्रों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर लंच ब्रेक के दौरान विवाद बढ़ने पर कक्षा 10 के छात्र ने कक्षा 12 के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र के पेट और हाथ में गंभीर चोटें आईं। स्कूल प्रबंधन ने घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बेगमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है।
हमलावर छात्र को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्कूल परिसर में चाकू कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक तो नहीं हुई। मामले में स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित