नोएडा , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब के सेवन को मौत का कारण मान रही है।

पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी, उन्होंने बताया कि सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के अंतर्गत खोडा तिराहे से सेक्टर-57 जाने वाली सर्विस रोड के आज फुटपाथ पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की उम्र लगभग 48 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस द्वारा आसपास स्थानीय लोगों से पूछताछ एवं जानकारी करने पर पता चला कि वह व्यक्ति लंबे समय से फुटपाथ पर ही रह रहा था और शराब पीने का आदी था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतक अक्सर अत्यधिक शराब का सेवन करता था। इसी आधार पर पुलिस को आशंका है कि अधिक शराब पीने की वजह से उसकी मौत हुई है।

फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। साथ ही मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित