कपूरथला , जून 16 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त आकाश बंसल ने जिले के सभी निजी स्कूलों को फीस वृद्धि संबंधी जानकारी तत्काल शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित रिकॉर्ड जमा न करने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला स्तरीय फीस रेगुलेटरी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त बंसल ने बताया कि अब तक प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार जिले के केवल 60 निजी स्कूलों ने ही फीस वृद्धि से संबंधित विवरण जमा कराया है। उन्होंने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए शेष स्कूलों को बिना किसी और देरी के आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

श्री बंसल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूलों द्वारा प्रस्तुत किए गए रिकॉर्ड की गहन जांच करने के लिए भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों ने अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, उन्हें यह अंतिम चेतावनी है और अनुपालन न करने पर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और संरक्षकों से भी अपील की कि यदि उन्हें स्कूल फीस, यूनिफॉर्म या किसी अन्य स्कूल संबंधी मामले को लेकर कोई शिकायत है, तो वे जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 01822-233777 पर बिना किसी झिझक के शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने तथा शैक्षणिक संस्थानों के कार्यों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

श्री बंसल ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और अभिभावकों की चिंताओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित