फगवाड़ा , फरवरी 16 -- पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने फिल्लौर से सामने आयी एक बेहद परेशान करने वाली घटना का स्वतः संज्ञान लिया है, जहां कथित तौर पर एक बौद्धिक रूप से अक्षम दलित युवक के साथ एक जानवर का इस्तेमाल करके यौन शोषण किया गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो के वायरल होने और मीडिया के कुछ हिस्सों में प्रकाशित खबरों के बाद यह मामला आयोग के संज्ञान में आया।
आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने सोमवार को बताया कि आयोग ने इस मामले में जालंधर ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क को 19 फरवरी तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि स्थिति रिपोर्ट दो प्रतियों में प्रस्तुत की जाये, एक मूल प्रति और एक फोटोकॉपी और उपाधीक्षक भरत मसीह स्वयं आयोग के कार्यालय में उपस्थित होकर अपने निष्कर्ष प्रस्तुत करें।
यहां जारी एक बयान में, अध्यक्ष ने इस घटना को 'बेहद दुखद और गहरा सदमा पहुंचाने वाला' बताया और कहा कि इसने समाज की अंतरात्मा को झकझोर दिया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को कड़ी जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि एक व्यक्ति द्वारा मंदबुद्धि दलित लड़के को शराब पिला कर अपने पालतू जानवर से उसका कुकर्म करवाने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला समाचार पत्र में छपते ही हरकत में आयी। पुलिस ने जानवर के मालिक हरप्रीत सिंह हैप्पी पुत्र अशोक सिंह वासी गांव बोपाराए थाना गोराया को गिरफ्तार कर उसके फोन से कुकर्म करने की बनी वीडियो भी बरामद कर ली है।
शिकायतकर्ता विवेक शर्मा और मंगी स्वामी ने कहा कि मंदबुद्धि युवक को इंसाफ तो मिला पर वह अभी अधूरा है, क्योंकि उक्त घटना में हैप्पी के साथ दो और लोग भी शामिल हैं जो अभी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। इनमें एक कथित गोराया शहर का नेता बताया जाता है, जिसने फोन से वीडियो बनायी थी।
प्राप्त सूचना के अनुसार गत दिवस एक वीडियो तेजी से वायरल हुई, जिसमें एक व्यक्ति जिसका नाम हरप्रीत हैप्पी है, वह अपने घर के अंदर एक दलित 23 वर्ष के मंदबुद्धि लड़के को लेकर आता है, जिसे पहले शराब पिलायी गयी, उसके बाद 200 रुपये देकर अपने जर्मन शेफर्ड कुत्ते से लड़के का कुकर्म करवाया गया और अपने मनोरंजन के लिए फोन से बाकायदा उसकी वीडियो भी बनायी गयी। जैसे ही आज घटना का समाचार प्रकाशित हुआ तो पुलिस ने आरोपी हरप्रीत हैप्पी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित