मथुरा , सितंबर 9 -- बाबा नीम करौरी महाराज के शुरुआती जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' की निर्माता अनुप्रिया नागर बुधवार दोपहर अपने माता-पिता के साथ वृंदावन पहुंचीं। वृंदावन यात्रा के दौरान उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाकर उनके दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रेमानंद महाराज ने उनसे कहा कि वे सच्चाई और धर्म के रास्ते पर चल रही हैं, इसलिए उन्हें जो चाहिए, वह अवश्य मिलेगा।

इसके पश्चात अनुप्रिया नागर 'रामायण रिसर्च काउंसिल' द्वारा आयोजित 'रामायणी सम्मान' कार्यक्रम में शामिल हुईं। हनुमान चालीसा के पाठ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद वहां उपस्थित संतों ने अनुप्रिया को सम्मानित किया और फिल्म की सफलता के लिए शुभकानाएं दीं।

तीन साल की सेविंग्स लगाकर बनाई फिल्म के बारे में अनुप्रिया ने बताया कि उन्हें बाबा नीम करौरी महाराज के बारे में एक विदेशी कंपनी के सीईओ से पता चला था। उन्होंने सोचा कि बाबा की कहानी किसी विदेशी के बजाय एक भारतीय द्वारा ही देशवासियों तक पहुंचनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने अपनी करीब तीन साल की नौकरी की पूरी जमा पूंजी (सेविंग्स) इस फिल्म को बनाने में लगा दी।

अनुप्रिया के अनुसार, रिलीज के शुरुआती दो-तीन हफ्तों में फिल्म को सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद वे बागेश्वर धाम पहुंचीं, जहां धीरेंद्र शास्त्री ने उन्हें सनातन के लिए कार्य करने का हौसला दिया, जिसके बाद फिल्म ने रफ्तार पकड़ी। उन्होंने शूटिंग के दौरान हुए कुछ अनोखे संस्मरण भी साझा किए, जैसे शूटिंग स्थल पर लंबे समय बाद एक लंगूर का आना और प्रसाद ग्रहण करना, जिसे टीम ने चमत्कार माना।

हेमा मालिनी ने की सराहना अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने भी फिल्म 'हनुमान अंश' और अनुप्रिया नागर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कम अनुभव के बावजूद अनुप्रिया का यह प्रयास सराहनीय है और बाबा नीम करौरी महाराज पर फिल्म का सफल होना बेहद खुशी की बात है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित